Monday, December 30, 2019

भारतीय रेल ने की नई सूचना प्रणाली की शुरुआत

30th  December 2019 at 6:08 PM by PIB Delhi
विजयवाड़ा:अनकापल्ले स्टेशन पर यात्रियों के अनुकूल नया शुभारम्भ 
उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधा और आसान मार्गदर्शन प्रदान करना
भारतीय रेल ने दक्षिण मध्य रेलवे में विजयवाड़ा डिवीजन के अनकापल्ले रेलवे स्टेशन पर एक नई यात्री सूचना प्रणाली की शुरुआत की है। इस यात्री सूचना प्रणाली में ‘एट ए ग्लेंस डिस्प्ले बोर्ड’ (जो स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों के समय की स्थिति की एक झलक देता है) और ‘कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड’ (जो ट्रेन के कोच में सीटों की स्थिति की जानकारी देता है) शामिल हैं। इस एप्लिकेशन का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और आसान मार्गदर्शन प्रदान करना है और इस तरह उन्हें संतोषजनक उपयोगकर्ता अनुभव प्रदान करना है।
अनाकापल्ले स्टेशन पर उपलब्ध कराई गई नई यात्री सूचना प्रणाली में नई प्रौद्योगिकी को अपनाया गया है जिससे ट्रेनों के वास्तविक समय स्थिति के आधार पर उनके स्टेशन पर अनुमानित आगमन को दिखाया जाता है। इसे केंद्रीकृत रेलवे सूचना प्रणाली (सीआरआईएस) सर्वर से प्राप्त आंकड़े से स्वत: समय-समय पर अद्यतन किया जाता है। यह प्रणाली तीन भाषाओं तेलुगु, अंग्रेजी और हिंदी में अगले दो घंटों में स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों के बारे में जानकारी प्रदान करती है।
इसके अलावा, इसमें किसी भी आपात स्थिति में सिस्टम ऑपरेटर को आंकड़े में तुरंत संशोधन करने की सुविधा भी प्रदान की गई है। इस उपकरण की लागत 10 लाख रुपये है जिसमें इसकी आपूर्ति, स्थापना, चालू करना और 3 साल की ऑनसाइट वारंटी शामिल है।

No comments:

Post a Comment